
जयपुर: राजस्थान में प्रस्तावित निकाय और पंचायत चुनावों से पहले कांग्रेस ने युवाओं को संगठन और चुनावी राजनीति में अधिक अवसर देने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने घोषणा की है कि पार्टी शहरी निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में 50 प्रतिशत टिकट 50 वर्ष से कम उम्र के उम्मीदवारों को देगी।
पार्टी मुख्यालय में आयोजित शहरी निकाय चुनावों की तैयारियों की समीक्षा बैठक के दौरान डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस नई पीढ़ी को नेतृत्व की मुख्यधारा में लाने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी सोच के तहत स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों में युवा उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया है।
वार्ड बदलकर टिकट मांगने वालों को दी सख्त चेतावनी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने टिकट के दावेदारों को वार्ड बदलकर दावेदारी करने की प्रवृत्ति से बचने की नसीहत भी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल टिकट की इच्छा जताने से किसी का चयन तय नहीं होता। उम्मीदवारों के चयन में स्थानीय परिस्थितियां, संगठन की राय और राजनीतिक समीकरणों को प्रमुख आधार बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक वार्ड छोड़कर दूसरे वार्ड से टिकट मांगने की प्रवृत्ति को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा।
सितंबर-अक्टूबर में हो सकते हैं पंचायत चुनाव
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से अदालत में दी गई जानकारी के अनुसार पंचायत चुनावों की घोषणा 23 सितंबर के आसपास की जा सकती है। संभावित कार्यक्रम के मुताबिक 13 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच विभिन्न चरणों में मतदान कराया जा सकता है, जबकि चुनाव परिणाम 12 नवंबर तक घोषित होने की संभावना है।
अगस्त में हो सकती है निकाय चुनाव की घोषणा
शहरी निकाय चुनावों को लेकर भी तैयारियां तेज हैं। संभावित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव की घोषणा 17 अगस्त के आसपास हो सकती है। इसके बाद 6 और 9 सितंबर को मतदान तथा 11 सितंबर को मतगणना कराए जाने की संभावना जताई गई है। हालांकि अंतिम कार्यक्रम राज्य निर्वाचन आयोग की आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद ही तय होगा और उसमें बदलाव भी संभव है।



