Rajasthan Housing Board: राजस्थान में प्लॉट खरीदना हुआ महंगा, 47% तक बढ़ीं जमीन की दरें; नई कीमतें लागू

जयपुर: राजस्थान में हाउसिंग बोर्ड की योजनाओं के तहत प्लॉट और आवास खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए बड़ा झटका है। राजस्थान हाउसिंग बोर्ड ने प्रदेश की विभिन्न आवासीय योजनाओं में जमीन की आरक्षित दरों में संशोधन करते हुए नई कीमतें लागू कर दी हैं। नई दरों के तहत अलग-अलग योजनाओं में प्लॉट की कीमतों में 10 प्रतिशत से लेकर 47 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है। सबसे अधिक इजाफा जयपुर की वाटिका हाउसिंग योजना में दर्ज किया गया है।
वाटिका योजना में सबसे ज्यादा बढ़ीं दरें
नई आरक्षित दरों के अनुसार जयपुर की वाटिका योजना में जमीन की कीमत 7,045 रुपये प्रति वर्गमीटर से बढ़ाकर 10,370 रुपये प्रति वर्गमीटर कर दी गई है। यह करीब 47 प्रतिशत की बढ़ोतरी है, जो राज्य की सभी योजनाओं में सबसे अधिक है।
इसी तरह जगतपुरा स्थित इंदिरा गांधी नगर योजना में आरक्षित दर 23,850 रुपये से बढ़कर 27,355 रुपये प्रति वर्गमीटर हो गई है। वहीं प्रताप नगर योजना में यह दर 23,870 रुपये से बढ़ाकर 25,900 रुपये प्रति वर्गमीटर कर दी गई है।
कई जिलों की योजनाओं में भी बढ़ीं कीमतें
हाउसिंग बोर्ड ने जयपुर के अलावा अन्य जिलों की योजनाओं में भी जमीन की आरक्षित दरों में वृद्धि की है। ब्यावर की गढ़ी थोरियान योजना में दर 13,500 रुपये से बढ़ाकर 15,095 रुपये प्रति वर्गमीटर कर दी गई है।
धौलपुर के बाड़ी रोड स्थित योजना में आरक्षित दर 13,360 रुपये से बढ़कर 16,305 रुपये प्रति वर्गमीटर हो गई है, जो करीब 22 प्रतिशत की वृद्धि है। बीकानेर की शिव बाड़ी योजना में कीमत 5,470 रुपये से बढ़ाकर 7,105 रुपये प्रति वर्गमीटर कर दी गई है। वहीं हनुमानगढ़ की डीटीओ योजना में आरक्षित दर 11,605 रुपये से बढ़कर 12,910 रुपये प्रति वर्गमीटर हो गई है।
कोटा और हाड़ौती क्षेत्र में भी असर
कोटा की मांगरोल हाउसिंग योजना में जमीन की आरक्षित दर 5,655 रुपये से बढ़ाकर 6,195 रुपये प्रति वर्गमीटर कर दी गई है। स्वामी विवेकानंद योजना में यह दर 19,670 रुपये से बढ़कर 21,455 रुपये प्रति वर्गमीटर हो गई है।
कोटा की कुन्हारी योजना में सबसे बड़ा बदलाव देखने को मिला, जहां जमीन की आरक्षित दर 25,380 रुपये से बढ़ाकर 33,890 रुपये प्रति वर्गमीटर कर दी गई। यह करीब 33.53 प्रतिशत की वृद्धि है।
बूंदी की लाखेरी योजना में दर 3,420 रुपये से बढ़ाकर 4,020 रुपये प्रति वर्गमीटर और नैनवां योजना में 8,965 रुपये से बढ़ाकर 10,015 रुपये प्रति वर्गमीटर कर दी गई है। बारां की गजनपुरा योजना में भी आरक्षित दर 7,765 रुपये से बढ़कर 8,745 रुपये प्रति वर्गमीटर हो गई है।
घर खरीदने वालों पर बढ़ेगा वित्तीय बोझ
नई आरक्षित दरें लागू होने के बाद राजस्थान हाउसिंग बोर्ड की योजनाओं में प्लॉट और आवास खरीदना पहले की तुलना में महंगा हो जाएगा। विशेष रूप से जयपुर, कोटा और अन्य प्रमुख शहरों में घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों को अब अधिक राशि खर्च करनी होगी। इससे मध्यम वर्ग और किफायती आवास की तलाश कर रहे खरीदारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की संभावना है।



