
नई दिल्ली: फल शरीर के लिए विटामिन, मिनरल, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट का बेहतरीन स्रोत माने जाते हैं। नियमित रूप से फलों का सेवन करने से शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं और वजन नियंत्रित रखने के साथ हृदय, डायबिटीज, पाचन संबंधी समस्याओं, कैंसर और सूजन जैसी परेशानियों के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, फलों का सेवन करते समय कुछ खाद्य पदार्थों के साथ उनका गलत संयोजन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।
कई लोग स्वाद या आदत के चलते अलग-अलग फलों और अन्य खाद्य पदार्थों का एक साथ सेवन करते हैं। माना जाता है कि कुछ फूड कॉम्बिनेशन शरीर पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं और पाचन संबंधी समस्याओं का कारण बन सकते हैं। ऐसे में इन संयोजनों से बचने की सलाह दी जाती है।
गलत फूड कॉम्बिनेशन से हो सकती हैं ये दिक्कतें
फलों के साथ कुछ खाद्य पदार्थों का सेवन करने से शरीर में विषाक्तता बनने की बात कही जाती है। ऐसे संयोजन से कुछ लोगों को एलर्जी, त्वचा पर चकत्ते, फूड पॉइजनिंग और अन्य पाचन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
अमरूद और केला एक साथ खाने से बचें
फ्रूट चाट में अमरूद और केले का एक साथ इस्तेमाल आम बात है, लेकिन माना जाता है कि इन दोनों फलों का एक साथ सेवन करने से मतली, पेट फूलना, सिरदर्द और एसिड रिफ्लक्स जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
अनानास और दूध का मिश्रण नहीं है सही
अनानास को दूध के साथ मिलाकर खाने से बचने की सलाह दी जाती है। बताया जाता है कि इस संयोजन से पेट दर्द, उल्टी और सूजन जैसी परेशानियां हो सकती हैं। अनानास में मौजूद ब्रोमेलैन नामक यौगिक को इसकी वजह माना जाता है, जो दूध के साथ प्रतिक्रिया कर सकता है।
पपीता और नींबू का साथ भी माना जाता है नुकसानदायक
कुछ लोग स्वाद बढ़ाने के लिए पपीते पर नमक और नींबू डालकर खाते हैं। हालांकि, माना जाता है कि यह संयोजन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। यह भी कहा जाता है कि पपीते के साथ नींबू का सेवन करने से हीमोग्लोबिन का स्तर कम हो सकता है।
तरबूज खाने के बाद तुरंत पानी पीने से करें परहेज
कई लोग तरबूज खाने के तुरंत बाद पानी पी लेते हैं या उसकी स्मूदी बनाकर सेवन करते हैं। माना जाता है कि इससे पाचन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है और पेट फूलना, अपच तथा एसिडिटी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।



