उत्तर प्रदेशराज्य

फतेहपुर में सिलेंडर ब्लास्ट से 2 मंजिला मकान जमींदोज, 2 मासूमों समेत 4 की मौत; 3 घायल

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मलवां कस्बे में सोमवार शाम गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका होने से दो मंजिला मकान ढह गया। हादसे के बाद मकान के मलबे में परिवार के कई लोग दब गए। राहत और बचाव अभियान के दौरान 7 लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान 2 बच्चों समेत 4 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 3 अन्य लोग घायल हैं, जिनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

शाम करीब 5 बजे हुआ जोरदार धमाका

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के मुताबिक, मलवां कस्बे में फल और सब्जी विक्रेता सुरेश गुप्ता के घर में सोमवार शाम करीब 5 बजे गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना भीषण था कि देखते ही देखते दो मंजिला मकान ढह गया और परिवार के सदस्य मलबे में दब गए।

मलबे से 7 लोगों को निकाला गया

धमाके के बाद पुलिस और राहत-बचाव टीमों ने मलबा हटाकर उसमें दबे लोगों को बाहर निकाला। कुल 7 घायलों को अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान वेद गुप्ता (8), यश गुप्ता (7), अर्पित गुप्ता (15) और कुणा गुप्ता (18) की मौत हो गई। हादसे में घायल 3 अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

आसपास के कई मकानों में आई दरारें

सिलेंडर ब्लास्ट इतना तेज था कि इसके असर से आसपास के कई मकानों में भी दरारें आ गईं। अचानक हुए इस हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज किया।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फतेहपुर में हुए हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के प्रति शोक व्यक्त किया और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों के परिजनों से संवाद कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button