
रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सिंगापुर के तीन दिवसीय दौरे के बाद 6 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ लौट आए हैं। 3 से 6 अक्टूबर तक चले इस दौरे के बाद रायपुर एयरपोर्ट पर उन्होंने मीडिया से बातचीत में अपने प्रवास की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंगापुर में आयोजित इंडिया ग्रोथ फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं को उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के सामने रखा गया। इस दौरान प्रदेश के लिए 43 हजार 600 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।
मुख्यमंत्री साय के मुताबिक, सिंगापुर के उद्योग जगत से जुड़े कई प्रतिनिधियों के साथ बातचीत हुई और उन्हें छत्तीसगढ़ आने के लिए आमंत्रित किया गया। उन्होंने कहा कि इन निवेश प्रस्तावों से प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
एनर्जी सेक्टर में सबसे बड़े निवेश का प्रस्ताव
सीएम साय ने बताया कि सिंगापुर दौरे के दौरान एनर्जी कैपिटल ग्लोबल की ओर से 41 हजार 750 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव मिला है। इसके अलावा एग्री बिजनेस वैल्यू इंटरनेशनल कंपनी ने करीब 350 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है।
वहीं, सन स्ट्रीम ग्रीन एनर्जी की ओर से सोलर सेक्टर में करीब 1,500 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव मिला है। कंपनी बैटरी स्टोरेज और इससे जुड़े कंपोनेंट के क्षेत्र में काम करेगी।
IT एजुकेशन सर्विस के साथ हुआ MOU
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि IT एजुकेशन सर्विस के साथ समझौता ज्ञापन भी हुआ है। उन्होंने संस्था के IT परिसर का दौरा किया, जिसे विश्व प्रसिद्ध कौशल विकास मॉडल बताया गया है।
निवेश प्रस्तावों को प्रदेश में धरातल पर उतारने के सवाल पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार की ओर से किए जा रहे सभी MOU पूरी जांच-परख के बाद किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को आश्वस्त करना चाहते हैं कि इन समझौतों और निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारा जाएगा और इसका लाभ प्रदेश की जनता को मिलेगा।
सेवा ज्योति कार्यक्रम पर भी बोले मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री साय ने बीजेपी के सेवा ज्योति कार्यक्रम को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी संभाली थी। इसी अवसर को लेकर देशभर में 13 तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें सेवा ज्योति कार्यक्रम भी शामिल है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आज देशवासियों को संबोधित करेंगे और इसे सभी जिला मुख्यालयों पर सुना जाएगा। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 17 सितंबर को देशवासियों ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री को आशीर्वाद दिया था। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के तहत सेवा के क्षेत्र में जो ज्योति जलाई है, उसे आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा।



