राज्यहिमाचल प्रदेश

हिमाचल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! 32 IAS-HAS अधिकारियों के तबादले, 6 महीने बाद सुदेश मोख्टा को मिली नई जिम्मेदारी

शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने सोमवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 32 आईएएस और एचएएस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में 16 आईएएस और 16 एचएएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। छह महीने से बिना विभाग के इंतजार कर रहे 2010 बैच के आईएएस अधिकारी सुदेश कुमार मोख्टा को सचिव, सहकारिता का पदभार सौंप दिया गया है।

चार आईएएस अधिकारियों की बदली गई तैनाती

सरकार ने एसडीएम के पद पर कार्यरत चार आईएएस अधिकारियों का भी तबादला किया है। प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से कई जिलों और विभागों में अधिकारियों की नई नियुक्तियां की गई हैं।

अभिषेक जैन और अमरजीत सिंह को अतिरिक्त जिम्मेदारी

कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेशों के अनुसार 2002 बैच के आईएएस अधिकारी अभिषेक जैन, जो प्रधान सचिव वित्त, तकनीकी शिक्षा और जल शक्ति विभाग का कार्यभार संभाल रहे हैं, उन्हें वित्तायुक्त (अपील) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वहीं, अमरजीत सिंह को सचिव, नगर एवं ग्राम नियोजन बनाया गया है। उनके पास गृह विभाग का अतिरिक्त कार्यभार भी बना रहेगा।

कई विभागों में बदले गए शीर्ष अधिकारी

प्रबंध निदेशक राज्य औद्योगिक विकास निगम तोरुल एस. रवीश को निदेशक भू-राजस्व बनाया गया है। अभिषेक वर्मा को मिल्कफेड का निदेशक नियुक्त किया गया है। अजय कुमार यादव को चिकित्सा सेवाएं निगम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। इसके अलावा कई एडीसी, डीआरडीए परियोजना निदेशक और विभिन्न निगमों के प्रबंध निदेशकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

आठ एसडीएम का भी हुआ तबादला

प्रशासनिक फेरबदल के तहत आठ एसडीएम के भी तबादले किए गए हैं। राजदीप सिंह को नगर निगम सोलन का आयुक्त बनाया गया है। इशांत जसवाल को एडीसी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए ऊना, अंजली गर्ग को एसडीएम कांगड़ा, रुपिंद्र कौर को एडीसी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए बिलासपुर और प्रियांशु खती को एडीसी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए मंडी की जिम्मेदारी दी गई है।

एचएएस अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी

एचएएस अधिकारियों में चंद्र प्रकाश को एसडीएम मंडी, विश्रुत भारती को एसडीएम कफोटा, रमन कुमार शर्मा को एसडीएम फतेहपुर, अभिषेक भरवाल को एसडीएम घुमारवीं और पूजा अधिकारी को एसडीएम नगरोटा बगवां नियुक्त किया गया है। वहीं अमन कुमार को एचपीएमसी का महाप्रबंधक बनाया गया है।

निर्वाचन आयोग और अन्य विभागों में भी बदलाव

सरकार ने राज्य निर्वाचन आयोग, परिवहन, चिकित्सा शिक्षा, एचआरटीसी, एचपीएमसी और अन्य विभागों में भी कई अधिकारियों की नई तैनाती की है। शिल्पी बेक्टा को राज्य निर्वाचन आयोग का सचिव बनाया गया है, जबकि सुरजीत राठौर को एडीसी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए कुल्लू की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा कई वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार और नई प्रशासनिक जिम्मेदारियां दी गई हैं।

Related Articles

Back to top button