मध्य प्रदेशराज्य

हर व्यक्ति उत्साह से उत्सव की तरह मनाये हर घर तिरंगा अभियान : राज्य मंत्री यादव

भोपाल : आजादी के अमृत महोत्सव में हर नागरिक अपने घर और व्यवसायिक प्रतिष्ठान पर ध्वजारोहण को प्रेरित हो इसके लिए हम सब जन-जागरूकता के प्रयास करें। “हर घर तिरंगा” अभियान का उद्देश्य सभी को एक साथ जोड़ना और राष्ट्रभक्ति की भावना से अपने अमर शहीदों को स्मरण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करना है। राज्य मंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी बृजेन्द्र सिंह यादव ने अशोकनगर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में “हर घर तिरंगा” अभियान की बैठक को संबोधित करते हुए यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि नगर और गाँव में हर वर्ग तथा हर परिवार तक पहुँचकर हम यह संदेश दें कि 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा फहराना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर व्यक्ति उत्साह से उत्सव की तरह “हर घर तिरंगा” अभियान मनाये।

राज्य मंत्री यादव ने जन-प्रतिनिधियों, कलेक्टर, गणमान्य नागरिक, स्वयंसेवी संस्थाओं और शासकीय सेवकों के साथ जन-जागरूकता के लिए भ्रमण के दौरान राष्ट्र-ध्वज खरीदे, वितरित किए और सभी से हर घर तिरंगा लगाने का आहवान किया। अशोकनगर जिले में करीब दो लाख तिरंगा फहराये जाने का लक्ष्य रखा गया है। शासन से प्राप्त तिरंगों के अतिरिक्त स्थानीय महिला स्व-सहायता समूह द्वारा भी इनका निर्माण किया जा रहा है।

अशोकनगर विधायक जजपाल सिंह जज्जी, कलेक्टर श्रीमती आर. उमा माहेश्वरी, जन-प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और विभिन्न विभागों के शासकीय सेवक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button