मध्य प्रदेशराज्य

जिला खनिज निधि से स्वीकृत अप्रारंभ कार्यों को निरस्त करने के निर्देश

भोपाल: आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं उमरिया जिले के प्रभारी मंत्री रामकिशोर कांवरे ने निर्देश दिये हैं कि जिला खनिज निधि से स्वीकृत ऐसे कार्य, जो लम्बे समय से अब तक प्रारंभ नहीं हुए, उन्हें तत्काल निरस्त किया जाये। उन्होंने विभागों के विकास कार्यों को लम्बे समय तक लम्बित रखने पर नाराजगी भी व्यक्त की है। कांवरे शुक्रवार को उमरिया में विभागीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में बताया गया कि उमरिया जिले में करीब 28 करोड़ रुपये की राशि जिला खनिज मद में उपलब्ध है। जनजातीय कार्य मंत्री सुमीना सिंह और विधायक शिवनारायण सिंह भी मौजूद थे।

प्रभारी मंत्री कांवरे ने कहा कि नल-जल योजनाओं, हैण्ड-पम्प खनन और जल-जीवन मिशन के कार्यों को जल्द पूरा किया जाये। उन्होंने जिले की सड़कों को भी प्राथमिकता के साथ सुधार किये जाने के निर्देश दिये। कांवरे ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिये डिजिटल एक्स-रे मशीन, रेडियन हीट वार्मर की सुविधा नागरिकों को उपलब्ध कराई जाये। आयुष चिकित्सालयों की सुविधाओं की चर्चा करते हुए प्रभारी मंत्री कांवरे ने कहा कि अस्पतालों में पंचकर्म क्रिया शुरू की जाये। इसके लिये उन्होंने कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिलाये जाने पर भी जोर दिया।

तीर्थ-दर्शन और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों को दें

प्रभारी मंत्री कांवरे ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना और कन्यादान योजना को प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल किया है। उन्होंने कहा कि गाँव स्तर तक इन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये। उन्होंने बताया कि हाल ही में राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की राशि 51 हजार से बढ़ाकर 55 हजार रुपये की है। योजना में दी जाने वाली सामग्री की खरीदी के लिये उन्होंने जिला स्तर पर क्रय समिति गठित किये जाने के निर्देश भी बैठक में दिये।

Related Articles

Back to top button