दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मौत की रात! इंदौर आ रही बस ट्राले से टकराई, लगी भीषण आग; 8 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत

दौसा: राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। ऋषिकेश से इंदौर आ रही एक यात्री बस आगे चल रहे ट्राले से टकरा गई, जिसके बाद बस में भीषण आग लग गई। हादसे में 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में दो यात्री इंदौर के रहने वाले थे। दुर्घटना देर रात करीब ढाई बजे कोलवा क्षेत्र में हुई।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद बस और ट्राला दोनों आग की चपेट में आ गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 6 यात्रियों की मौत आग में झुलसने से हुई, जबकि 2 अन्य यात्रियों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया।
इंदौर की महिला की मौत, एक अन्य यात्री लापता
हादसे में इंदौर निवासी निर्मला गुप्ता की मौत हो गई। वहीं बजरंग नगर निवासी भूमि, पिता भारत भोर, लापता बताई जा रही हैं। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को त्वरित उपचार दिलाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाकर दौसा जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शी का दावा- ड्राइवर ने शराब पी रखी थी
हादसे में बची इंदौर के पाटनीपुरा क्षेत्र की निवासी महक मोहने ने बताया कि दुर्घटना रात करीब 2:20 बजे हुई। उनके अनुसार बस चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और ट्राले को ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान बस का बायां हिस्सा ट्राले में जा घुसा।
महक का दावा है कि यात्रा के दौरान एक स्थान पर बस रुकी थी, जहां उन्होंने चालक को शराब पीते हुए देखा था। उन्होंने बताया कि टक्कर के बाद बस के बायीं ओर बैठे कई यात्री अंदर ही फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। कुछ ही देर में बस से धुआं निकलने लगा और फिर आग ने विकराल रूप ले लिया।
पैर फंसने से चालक भी नहीं बच सका
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार हादसे के बाद बस चालक का पैर भी वाहन में फंस गया था। उसने बाहर निकलने की काफी कोशिश की और लोगों ने भी उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह बाहर नहीं निकल सका। आग फैलने के कारण उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई।
एक्सप्रेसवे पर बिखरे शवों के अवशेष
हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का दृश्य बेहद दर्दनाक हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क पर खून और शवों के अवशेष बिखरे पड़े थे। टक्कर के दौरान कुछ यात्री बस से बाहर भी जा गिरे, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
एक घंटे तक बस में फंसे रहे यात्री
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंच सकी, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के लगभग एक घंटे बाद बस की खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला जा सका। तब तक कई लोग आग की चपेट में आ चुके थे।
पीछे चल रहे वाहन भी हादसे की चपेट में आए
एक चश्मदीद ने बताया कि वह हादसे वाली बस के पीछे अपनी कार से यात्रा कर रहे थे। अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद उनकी कार के टायर भी फट गए। हादसे के कारण पीछे चल रहे कुछ अन्य वाहन भी प्रभावित हुए।
जांच में जुटा प्रशासन
प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की एक वजह चालक को झपकी आना भी बताई जा रही है। हालांकि यात्रियों द्वारा लगाए गए शराब पीकर बस चलाने के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच में जुटे हुए हैं।



