मध्य प्रदेशराज्य

PM मोदी के संकल्पों को साकार करने की दिशा में मप्र में हो रहे तेजी से कार्यः CM शिवराज

भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) असाधारण एवं अद्वितीय व्यक्तित्व के धनी हैं। उनके कुशल नेतृत्व में भारत ने विश्व में नई ऊंचाइयां प्राप्त की है, देश का मान-सम्मान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा है, चहुंमुखी विकास हो रहा है। देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के संकल्पों को साकार करने की दिशा में मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) में तेजी से कार्य हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री चौहान रविवार शाम को इंदौर में “मोदी@20” पुस्तक का अनावरण कर समारोह को संबोधित कर रहे थे। यह पुस्तक 22 विषय-विशेषज्ञ, प्रसिद्ध पेशेवर व्यक्तित्व और बुद्धिजीवी के विचारों और अनुभवों का एक संकलन है। इस मौके पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर, सांसद शंकर लालवानी, पूर्व महापौर कृष्णमुरारी मौघे, इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित विधायक, जन-प्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने शासन व्यवस्था में नए प्रतिमान स्थापित किये हैं। मोदी सह्दय, संवेदनशील, अद्वितीय एवं असाधारण व्यक्तित्व के धनी, कुशल संगठक, प्रशासक एवं कुशल नेतृत्वकर्ता हैं। उनके नेतृत्व में देश का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान-स्वाभिमान बढ़ा है। उनके मुख्यमंत्रित्व काल में गुजरात के भूकंप तथा प्रधानमंत्रित्व काल में कोरोना के दौरान आपदा प्रबंधन के बेहतर कार्य हुए है। भूकंप हो या कोरोना का संकट काल आदि आपदा में नागरिकों के साथ अपनत्व के भाव से खड़े रहे हैं। उन्होंने संकट से निजात दिलाई। कोरोना वैक्सीन बनाकर वर्तमान एवं भविष्य को सुरक्षित किया है। भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य किये जा रहे हैं। इस क्षेत्र में भी स्वदेशी को बढ़ावा मिल रहा है। भारत आज विश्व की 5वीं आर्थिक शक्ति बन गया है। सैन्य क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य हुये हैं। भारत की सुरक्षा को मजबूत बनाया गया है। दुश्मनों को कठोरता के साथ सबक सिखाया गया है। देश में औद्योगिक विकास की तरफ विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वदेशी को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा स्वदेशी को नागरिकों के जीवन में उतारा जा रहा हैं।

चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दृढ़-संकल्प होकर अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लेकर उन्हें कार्य रूप में परिणित किया गया है। कश्मीर से धारा-370 को समाप्त किया गया। नया कानून बनाकर तीन तलाक की कुप्रथा से महिलाओं को मुक्ति दिलाई गई। उनके कार्यकाल में सभी बाधाएँ दूर कर अयोध्या में विशाल श्रीराम मंदिर बनाया जा रहा है। उनकी पहल पर योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि आज विश्व के सभी देश अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं। राष्ट्र भाषा हिन्दी को बढ़ावा दिया जा रहा है। स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से गंदगी और बदबू से नागरिकों को निजात मिल रही है।

पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर केन्द्रित इस विमोचित पुस्तिका में अलग-अलग क्षेत्र की विभूतियों के विचार है। उन्होंने जैसा महसूस किया वैसा लिखा है। यह पुस्तक अवश्य पढ़ी जाना चाहिये। उन्होंने कहा कि एक सामान्य नागरिक से देश के उच्च पद पर आसीन होने का प्रधानमंत्री मोदी ने बेहतर उदाहरण प्रस्तुत किया है। वे व्यापक सोच के साथ कार्य करने वाले बहुमुखी व्यक्तित्व के धनी है। प्रारंभ में पूर्व महापौर कृष्णमुरारी मोघे ने आयोजन की रूपरेखा की जानकारी देते हुए पुस्तक पर प्रकाश डाला।

Related Articles

Back to top button