राजनीति

परिसीमन बिल पर सुप्रिया सुले के बदले सुर? समर्थन के संकेत से महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल, NCP के NDA में जाने की अटकलें तेज

नई दिल्ली: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शामिल होने की चर्चाओं के बीच पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले के एक बयान ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। परिसीमन विधेयक को लेकर उन्होंने इसके विरोध में कोई स्पष्ट रुख अपनाने के बजाय कहा कि संभव है यह विधेयक जनहित में हो। उनके इस बयान को पार्टी की आगे की रणनीति और बदलते राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है।

बुधवार को जब सुप्रिया सुले से परिसीमन विधेयक का समर्थन करने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि पहले विधेयक सामने आने दीजिए, उसके प्रावधानों को देखना जरूरी है। उन्होंने कहा, ‘हो सकता है इसमें कुछ अच्छा हो।’ उनके इस जवाब के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है कि पार्टी इस मुद्दे पर अपना रुख विधेयक की वास्तविक रूपरेखा सामने आने के बाद तय कर सकती है।

पहलगाम हमले और GST का दिया उदाहरण

सुप्रिया सुले ने अपने बयान में पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि घटना के बाद शरद पवार सबसे पहले एकजुटता जताने वाले नेताओं में शामिल थे। इसके बाद कांग्रेस सहित विभिन्न दलों के सांसद भी इस मुद्दे पर भारत का पक्ष रखने के लिए विदेश गए थे।

उन्होंने GST विधेयक का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय सभी राजनीतिक दलों ने मिलकर विधेयक पारित कराया था। सुले के मुताबिक, अगर परिसीमन विधेयक में जनहित से जुड़ी अच्छी बातें होंगी तो संभव है कि सभी दल उसका समर्थन करें।

इस बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) में अंदरूनी खींचतान की चर्चाओं के बीच सुप्रिया सुले ने गुरुवार को पार्टी नेताओं की बैठक भी बुलाई है। ऐसे में इस बैठक को पार्टी के भीतर चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

रामदास अठावले के बयान से NDA में जाने की चर्चा को हवा

सुप्रिया सुले का बयान ऐसे समय आया है, जब शरद पवार की पार्टी के NDA में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। बुधवार को केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने इस संबंध में बड़ा दावा किया था। उन्होंने कहा था कि यदि शरद पवार 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान NDA में शामिल हो गए होते तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें राष्ट्रपति बना देते।

अठावले ने यह भी दावा किया था कि वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री मोदी ने शरद पवार से कई बार साझा न्यूनतम कार्यक्रम के आधार पर NDA में आने का आग्रह किया था, लेकिन उस समय दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी।

संजय राउत बोले- पवार साहब मोदी-शाह के खिलाफ लड़ते रहे हैं

NDA में शामिल होने की अटकलों पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उनसे जब शरद पवार की पार्टी के NDA में जाने की संभावनाओं को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि इस विषय पर उनकी शरद पवार से कई बार बातचीत हो चुकी है।

राउत ने कहा कि शरद पवार ने अपना पूरा राजनीतिक जीवन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह जैसे नेताओं के खिलाफ संघर्ष करते हुए बिताया है। उन्होंने महात्मा फुले, शाहू महाराज और डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को आगे बढ़ाने का काम किया है। राउत के मुताबिक, पवार ने पूरे महाराष्ट्र में इन विचारधाराओं का प्रचार-प्रसार किया है। उन्होंने संकेत दिया कि उन्हें नहीं लगता कि शरद पवार ऐसे लोगों के साथ जाएंगे।

Related Articles

Back to top button