उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले की युवा खिलाड़ी महक चौहान ने प्रदेश का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। जनपद की प्रतिभावान खिलाड़ी महक चौहान का चयन भारतीय सीनियर महिला रग्बी टीम में हुआ है। उनके चयन से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
महक चौहान अब भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए 16 और 17 मई को ताशकंद, उज्बेकिस्तान में आयोजित होने वाली सेंट्रल एंड साउथ एशिया चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगी। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनका चयन प्रदेश के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
पहले भी जूनियर भारतीय टीम का हिस्सा रह चुकी हैं महक
विकासखंड मोरी के ग्राम भद्रासु निवासी अरविंद चौहान की पुत्री महक चौहान इससे पहले अंडर-18 और अंडर-20 भारतीय रग्बी टीम में भी अपनी जगह बना चुकी हैं। उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था और उत्तराखंड को गौरवान्वित किया था।
अब सीनियर भारतीय महिला रग्बी टीम में चयन होने के बाद महक की उपलब्धि को प्रदेश की युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत माना जा रहा है। खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों में उनके चयन को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
प्रदेशभर से मिल रही बधाइयां
महक चौहान की इस उपलब्धि पर उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष आयुष सैनी, सचिव यशवंत सिंह, अध्यक्ष सूर्यकांत सैनी और फिटनेस ट्रेनर आकाश सिंह ने महक को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
उन्होंने कहा कि महक की मेहनत, अनुशासन और लगातार बेहतर प्रदर्शन का ही परिणाम है कि आज वह भारतीय सीनियर महिला रग्बी टीम तक पहुंची हैं। उनकी सफलता प्रदेश की अन्य बेटियों और खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।




