लखनऊ

बाइक सवार बदमाशों ने जिला पंचायत सदस्य को मारी गोली

लखनऊ: राजधानी में बेखौफ बदमाश जगह-जगह आसानी से घूम रहे हैं लेकिन लखनऊ पुलिस को इसकी भनक तक नहीं है। बदमाश किसी भी बड़ी घटना को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जाते हैं और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रह जाती है। ताजा मामला राजधानी के गुडंबा थाना क्षेत्र का है यहां बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक जिला पंचायत सदस्य को गोली मार दी। बदमाश इस घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। गोली लगने से युवक लहूलुहान होकर गिर गया। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, गुडम्बा इलाके में रहना वाला विजय कुमार यादव ईद के दिन रात को अपने घर वापस आ रहा था। वह जिला पंचायत सदस्य बताया जा रहा है। आरोप है कि घर आते वक्त नीली पल्सर सवार असलहों से लैस तीन अज्ञात बदमाशों ने उसके ऊपर फायरिंग कर दी। इसके चलते दो-तीन गोली उसके सीने में जा धंसी। गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में सनसनी फैल गई। गोली लगते ही विजय जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। राहगीरों की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने फौरन उसे गंभीर हालत में बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उसका इलाज चल रहा है। भले ही एसएसपी दीपक कुमार कानून-व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रहे हों लेकिन इन दावों की पोल आये दिन हो रहीं ये वारदातें खुद खोल रही हैं। अब देखना ये होगा कि लखनऊ पुलिस कितनी जल्दी बदमाशों को गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज घटना का खुलासा कर पाती है।

Related Articles

Back to top button