उत्तर प्रदेशफीचर्डलखनऊ

फन माल के सामने उपरगामी पुल का सुरेश खन्ना ने किया उद्घाटन

लखनऊ। प्रदेश के संसदीय कार्य एवं नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से और केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के आशीर्वाद से तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में यह पदयात्री ऊपरगामी सेतु को राजधानी वासियों को समर्पित किया जा रहा है। इस सेतु से शहरवासियों को काफी सुविधा होगी। नगर विकास मंत्री शुक्रवार को फन माल के सामने 620 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित पदयात्री ऊपरगामी सेतु का लोकार्पण के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब से मौजूदा सरकार सत्ता में आयी है पूरे प्रदेश में विकास दिखाई दे रहा है और नित नयी योजनाएं एवं कार्यक्रम प्रदेश की जनता को समर्पित किये जा रहे है। इसके पूर्व की अन्य दलों की सरकारों के दौरान जो प्रदेश की स्थिति थी उससे भलीभांति प्रदेश की जनता जानती है।

लखनऊ मैट्रो का जिक्र करते हुए श्री खन्ना ने कहा कि इस परियोजना को लेकर पिछली सरकार ने काफी गुणगान किया। वास्तविकता यह है कि लगभग 86 प्रतिशत धनराशि केन्द्र ने उपलब्ध करायी। केन्द्र सरकार ने हर स्तर पर मैट्रो परियोजना को सहयोग दिया। इस परियोजना को पूरा करने के लिए आवश्यक ऋण की व्यवस्था भी भारत सरकार ने किया, किन्तु पिछली सरकार ने सार्वजनिक रूप से कभी भी परियोजना का श्रेय भारत सरकार को नहीं दिया, जबकि इस परियोजना को पूरा कराने में भारत सरकार का बहुत बड़ा योगदान है। श्री खन्ना ने इस मौके पर भारत स्वच्छता अभियान में जन सहयोग के लिए लखनऊ वासियों से अनुरोध किया। शहर को साफ-सुथरा बनाये रखने और इन्दौर जैसी साफ-सफाई के लिए अपने आचरण में बदलाव लाये जाने पर जोर दिया। उन्होंने स्वच्छ वातावरण निर्माण समिति में शामिल होकर शहर के समाजसेवी एवं वरिष्ठ नागरिकों को सफाई अभियान को आगे बढ़ाने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई के लिए प्रत्येक शहरी को अपने आचरण में बदलाव लाना होगा तथा नयी पीढ़ी को भी अनुशासन एवं साफ-सफाई दिनचर्या में शामिल करना होगा। उन्होंने कहा कि सड़कों पर कूड़ा-कचरा, छिलके, पालिथीन आदि न फेंककर इसे कूड़ेदान में डालने की आदत डालें और दूसरों को भी जागरूक करें।

प्रदेश के विधायी एवं न्याय मंत्री बृजेश पाठक ने नगर विकास मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में स्थित यह पदयात्री ऊपरिगामी सेतु शहरवासियों के लिए एक सौगात है। उन्होंने कहा कि यह सेतु लम्बे समय से बन रहा था। मौजूदा सरकार के आने के बाद इसके निर्माण की गति तेज हुई और आज यह राजधानी के लोगों के लिए खोल दिया गया है। उल्लेखनीय है कि इस पदयात्री ऊपरिगामी सेतु में अत्याधुनिक उपकरण जैसे बड़ा एलईडी जिसे दिनांक, समय, मौसम, प्रदूषण का स्तर तथा यातायात से सम्बन्धित सूचनाएँ उपलब्ध करायेगा। इसके साथ ही निःशुल्क हाईस्पीड वाईफाई की सुविधा आम जनता को प्राप्त होगी। कार्यक्रम के अंत में नगर आयुक्त श्री उदयराज सिंह ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर लखनऊ के महापौर सहित भारी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button