उत्तर प्रदेश

लोगों को गर्मी से मिल सकती है राहत, आज कई इलाकों में होगी बारिश…तापमान में आएगी गिरावट

लखनऊः उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल किया हुआ है। तेज धूप के साथ जहां गर्मी का प्रकोप जारी है। इसी बीच आज यानी गुरुवार सुबह कुछ इलाकों में बादल छाए हुए है और नोएडा और आसपास के इलाकों में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। आज कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के साथ गर्मी से राहत मिल सकती है। वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक धूल भरी आंधी तुफान आने की भी संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में आज गर्मी से राहत मिलने के आसार नजर आ रहे है। आज गरज चमक के साथ बारिश होगी। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहा ‘चक्रवात मोका’ का थोड़ा असर यहां पर देखने को मिलेगा। आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज चमक के साथ बारिश होगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। इससे तापमान में भी एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी।

इसके बाद अगले पांच दिनों तक गर्मी अपने तेवर दिखाएगी। मौसम विभाग की मानें तो मई में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पिछले तीन दिनों से तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। हालांकि राहत की बात यह थी कि गर्म हवाएं नहीं चल रही थी। बुधवार दोपहर एक घंटे तक गर्म हवाओं से शहर जूझता रहा। इसकी वजह से पारा चढ़कर 44.2 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा। सूरज के ताप के कारण लोगों ने सड़क पर निकलने से परहेज किया।

Related Articles

Back to top button