जीवनशैलीस्वास्थ्य

दिल को रखना है लंबे समय तक स्वस्थ? रिसर्च में सामने आए ये आसान बदलाव, हृदय रोग और मौत का खतरा हो सकता है कम

नई दिल्ली: दुनियाभर में हर साल लाखों लोग हृदय रोगों की वजह से जान गंवाते हैं। कई वैज्ञानिक अध्ययनों में पहले भी यह सामने आ चुका है कि पौधों पर आधारित भोजन दिल से जुड़ी बीमारियों के खतरे को कम करने में मदद करता है। अब 100 से अधिक शोधों की समीक्षा पर आधारित एक नए विश्लेषण में भी यही संकेत मिले हैं कि कुछ खास पौधा आधारित खाद्य पदार्थ न सिर्फ हृदय रोगों से बचाव में सहायक हैं, बल्कि पहले से हृदय रोग से जूझ रहे मरीजों में मौत के जोखिम को भी कम कर सकते हैं।

100 से ज्यादा स्टडी की समीक्षा में सामने आए अहम निष्कर्ष

यह मेटा-विश्लेषण कार्डियोवैस्कुलर रिसर्च में प्रकाशित हुआ है। इसमें इटली के नेपल्स विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने आहार की आदतों और हृदय रोग के जोखिम के बीच संबंधों का विश्लेषण किया। समीक्षा के दौरान पाया गया कि जिन लोगों के भोजन में अधिक मात्रा में सब्जियां और कम मात्रा में मांस शामिल था, उनमें दिल की बीमारी से मौत का खतरा काफी कम देखा गया। खासतौर पर हरी पत्तेदार सब्जियां और टमाटर सबसे अधिक लाभकारी पाए गए।

हरी सब्जियां और टमाटर क्यों माने गए असरदार

शोधकर्ताओं के मुताबिक, यदि भोजन में मांस की मात्रा कम कर हरी पत्तेदार सब्जियां और टमाटर अधिक शामिल किए जाएं तो हृदय रोग होने की संभावना काफी हद तक घट सकती है। टमाटर में मौजूद लाइकोपीन एंटीऑक्सीडेंट रक्त वाहिकाओं के कार्य में सुधार करने के साथ शरीर को कई बीमारियों से बचाने में भी मददगार माना गया है।

ऑलिव ऑयल को लेकर भी मिली सकारात्मक जानकारी

शोधकर्ताओं ने सैचुरेटेड फैट की जगह ऑलिव ऑयल जैसे मोनोअनसैचुरेटेड फैट को अपनाने की सलाह दी है। अध्ययन के अनुसार, प्रतिदिन केवल 5 ग्राम ऑलिव ऑयल का सेवन करने से कोरोनरी हार्ट डिजीज का खतरा 7 प्रतिशत, कार्डियोवैस्कुलर रोगों का जोखिम 4 प्रतिशत और दिल की बीमारी से मौत का खतरा 8 प्रतिशत तक कम किया जा सकता है।

रोज दो सर्विंग सब्जियां खाने से घट सकता है जोखिम

शोध समीक्षा में यह भी पाया गया कि यदि कोई व्यक्ति प्रतिदिन कम से कम दो सर्विंग सब्जियां खाता है तो हृदय रोग से मृत्यु का जोखिम 34 प्रतिशत तक कम हो सकता है। विश्लेषण में हरी सब्जियों के साथ टमाटर के नियमित सेवन के सबसे बेहतर परिणाम सामने आए। वहीं रेड मीट और प्रोसेस्ड मीट का सेवन कम करना भी हृदय को सुरक्षित रखने में सहायक बताया गया।

हरी सब्जियों की कमी से शरीर पर पड़ सकता है असर

शोधकर्ताओं का कहना है कि हरी सब्जियों का पर्याप्त सेवन न करने के दुष्प्रभाव शरीर में स्पष्ट रूप से दिखाई दे सकते हैं। हरी सब्जियां फाइबर और कई आवश्यक विटामिन का अच्छा स्रोत होती हैं, जो शरीर के सामान्य कार्यों के लिए जरूरी हैं। वहीं टमाटर में लाइकोपीन के अलावा कार्बोहाइड्रेट, पोटैशियम और प्रोटीन भी मौजूद होते हैं, जो शरीर को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करते हैं।

सलाद और जूस के रूप में भी मिल सकते हैं फायदे

यदि किसी को हरी सब्जियां सीधे खाना पसंद नहीं है तो उन्हें अन्य खाद्य पदार्थों के साथ मिलाकर सलाद के रूप में खाया जा सकता है। इसके अलावा हरी सब्जियों या टमाटर का जूस पीना भी लाभकारी माना गया है। शोधकर्ताओं के अनुसार, सब्जियों के रस से उनमें मौजूद खनिज शरीर तक जल्दी पहुंचते हैं, जिससे पाचन तंत्र बेहतर तरीके से काम करने में मदद मिलती है।

Related Articles

Back to top button