
नई दिल्ली: रोजाना आधा कप अखरोट का सेवन हृदय स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी हो सकता है। एक हालिया अध्ययन में सामने आया है कि यदि दैनिक आहार में अखरोट शामिल किया जाए तो खराब कोलेस्ट्रॉल का स्तर करीब 8.5 प्रतिशत तक कम हो सकता है। इसके साथ ही हृदय रोग का खतरा भी घटने की संभावना रहती है।
अध्ययन में हॉस्पिटल क्लिनिक डी बार्सिलोना के शोधकर्ताओं ने 628 वयस्कों को शामिल किया। इनमें आधे प्रतिभागियों को ऐसा आहार दिया गया, जिसमें रोजाना अखरोट का सेवन शामिल था। दो वर्ष तक चले अध्ययन के बाद शोधकर्ताओं ने पाया कि नियमित रूप से अखरोट खाने वाले लोगों में लॉ-डेंसिटी लिपोप्रोटीन (एलडीएल) यानी खराब कोलेस्ट्रॉल के स्तर में कमी दर्ज की गई।
खराब कोलेस्ट्रॉल घटने से कम होता है हृदय रोग का खतरा
एलडीएल कोलेस्ट्रॉल को खराब कोलेस्ट्रॉल माना जाता है। इसकी अधिक मात्रा धमनियों में वसा जमा होने का कारण बन सकती है, जिससे हृदय रोग और स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। अध्ययन में यह भी पाया गया कि नियमित अखरोट खाने वाले प्रतिभागियों के रक्त में एलडीएल कणों की कुल संख्या के साथ-साथ छोटे एलडीएल कणों की संख्या में भी कमी आई।
ओमेगा-3 फैटी एसिड का बेहतरीन स्रोत है अखरोट
अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के अनुसार अखरोट ओमेगा-3 फैटी एसिड का अच्छा स्रोत है। यह वही स्वास्थ्यवर्धक वसा है जो तैलीय मछलियों में भी पाया जाता है और हृदय को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विशेषज्ञों ने क्या कहा?
स्पेन स्थित हॉस्पिटल क्लिनिक डी बार्सिलोना के पोषण विशेषज्ञ एमिलियो रोस के अनुसार, पहले हुए कई अध्ययनों में यह साबित हो चुका है कि मेवे, विशेष रूप से अखरोट, हृदय रोग और स्ट्रोक के जोखिम को कम करने से जुड़े हैं। हालिया अध्ययन में यह भी स्पष्ट हुआ है कि अखरोट का नियमित सेवन न केवल एलडीएल कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करता है, बल्कि एलडीएल कणों की गुणवत्ता में भी सकारात्मक सुधार लाता है।



